
भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने देश के लाखों बच्चों और उनके अभिभावकों को बड़ी राहत दी है, एक महत्वपूर्ण निर्णय में, UIDAI ने 5 से 17 वर्ष की आयु के बीच के सभी बच्चों के लिए अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (MBU) पर लगने वाले शुल्क को पूरी तरह से माफ कर दिया है।
जानें किन्हें मिलेगा इस योजना का फायदा
इस शुल्क माफी का सीधा लाभ उन बच्चों को मिलेगा, जिनके बायोमेट्रिक्स को 5 और 15 साल की उम्र में अपडेट किया जाना अनिवार्य होता है, UIDAI के दिशानिर्देशों के अनुसार, आधार धारकों को अपने जीवनकाल में दो बार अनिवार्य रुप से बायोमेट्रिक जानकारी (फिंगरप्रिंट्स, आइरिस स्कैन और फोटो) अपडेट करानी होती है।
- पहला अनिवार्य अपडेट: 5 वर्ष की आयु पूरी होने पर।
- दूसरा अनिवार्य अपडेट: 15 वर्ष की आयु पूरी होने पर।
यह नई पहल सुनिश्चित करती है कि 5 से 17 वर्ष के आयु वर्ग में आने वाले सभी बच्चे, चाहे वे किसी भी समय अपना अपडेट करवाएं, उन्हें कोई शुल्क नहीं देना होगा।
ज़रूरी नियम और अपडेट की प्रक्रिया
UIDAI ने स्पष्ट किया है कि यह मुफ्त सेवा केवल बायोमेट्रिक अपडेट के लिए है और इसके लिए कुछ नियम तय किए गए हैं:
- यह सुविधा केवल आधार नामांकन/अपडेट केंद्रों पर जाकर ही प्राप्त की जा सकती है। बायोमेट्रिक जानकारी को ऑनलाइन अपडेट करने का कोई प्रावधान नहीं है।
- बायोमेट्रिक अपडेट के लिए सामान्यतः किसी अतिरिक्त दस्तावेज़ की जरुरत नहीं होती। हालांकि, यदि आप साथ में जनसांख्यिकीय विवरण (जैसे नाम, पता या जन्मतिथि) में भी बदलाव करना चाहते हैं, तो आपको संबंधित सहायक दस्तावेज़ प्रस्तुत करने होंगे।
- यह मुफ्त सेवा केवल 30 सितंबर 2026 तक ही वैध है, अभिभावकों से अपील की गई है कि वे इस निर्धारित समय-सीमा का लाभ उठाएं।
अन्य अपडेट्स पर लागू होंगे सामान्य शुल्क
यह ध्यान रखना महत्वपूर्ण है कि यह छूट केवल 5 से 17 वर्ष के बच्चों के बायोमेट्रिक अपडेट तक सीमित है, वयस्कों के लिए बायोमेट्रिक अपडेट (₹125) या जनसांख्यिकीय अपडेट (₹75) के सामान्य शुल्क पूर्ववत लागू रहेंगे।
हालांकि, UIDAI ने वयस्कों को एक और राहत दी है, जिसके तहत myAadhaar पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन पहचान और पते का प्रमाण (PoI/PoA) दस्तावेज अपडेट करने की सेवा 14 जून 2026 तक पूरी तरह से मुफ्त है।
अपने नज़दीकी आधार नामांकन केंद्र का पता लगाने के लिए, नागरिक Bhuvan Aadhaar Portal का उपयोग कर सकते हैं या विस्तृत जानकारी के लिए UIDAI की आधिकारिक वेबसाइट पर जा सकते हैं, यह सुविधा 1 अक्टूबर 2025 से शुरू होकर 30 सितंबर 2026 तक, पूरे एक वर्ष के लिए लागू रहेगी।





